ईद पर मायूस नहीं रहेंगे जरूरतमंद परिवार, मस्त फाउंडेशन फिर बना सहारा
ईद पर मायूस नहीं रहेंगे जरूरतमंद परिवार, मस्त फाउंडेशन फिर बना सहारा
गरीब, विधवा और बेसहारा परिवारों तक पहुंचेगी राशन किट
लाभार्थियों की सूची तैयार, लोगों से मांगी जरूरतमंदों की जानकारी
रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा
महोबा में समाजसेवा की एक बार फिर प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है, जहां मस्त फाउंडेशन ईद के पावन अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाने की तैयारी में जुट गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी संस्था द्वारा गरीब, विधवा, बेसहारा और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राशन सामग्री किट वितरित करने का अभियान शुरू किया गया है।
फाउंडेशन की टीम ने जरूरतमंद लोगों तक सही सहायता पहुंचाने के लिए लाभार्थियों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया है। संस्था के सदस्य मोहल्लों और गांवों में जाकर ऐसे परिवारों की पहचान कर रहे हैं, जो ईद जैसे त्योहार पर भी आर्थिक तंगी के कारण जरूरी सामान जुटाने में असमर्थ हैं।
संस्था का कहना है कि इस बार भी लक्ष्य यही है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार त्योहार पर खुद को अकेला या मायूस महसूस न करे। राशन किट में दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री शामिल की जाएगी ताकि परिवार सम्मानपूर्वक त्योहार मना सकें।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई गरीब, विधवा, असहाय या जरूरतमंद परिवार हो, तो उसकी जानकारी संस्था तक अवश्य पहुंचाएं, जिससे सही व्यक्ति तक मदद पहुंच सके और कोई पात्र परिवार सहायता से वंचित न रहे।
मस्त फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से लगातार समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संस्था द्वारा समय-समय पर जरूरतमंदों के लिए राशन वितरण, सहायता सामग्री उपलब्ध कराना और सामाजिक सहयोग के विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाते रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में भाईचारे और इंसानियत की मिसाल पेश करते हैं। ईद के मौके पर जरूरतमंदों के लिए यह पहल निश्चित रूप से कई परिवारों के लिए राहत लेकर आएगी।
admin