तनाव मुक्त परीक्षा” कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ ने दिए सफलता के मंत्र
तनाव मुक्त परीक्षा” कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ ने दिए सफलता के मंत्र
परीक्षा को लेकर भय नहीं, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाने का दिया संदेश
रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा
कुलपहाड़ (महोबा)।
दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला के तत्वावधान में थाना कुलपहाड़ क्षेत्रांतर्गत स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सुगिरा में आयोजित “तनाव मुक्त परीक्षा” कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ रविकांत गोंड ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राओं को परीक्षा से जुड़ी मानसिक चुनौतियों से मुक्त कर उन्हें आत्मविश्वास से भरना रहा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ ने परीक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए स्मार्ट स्टडी योजना, समय प्रबंधन और नियमित अध्ययन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को पुराने प्रश्न पत्रों का अभ्यास करने, नियमित रिवीजन करने तथा विषयों को समझकर पढ़ने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने परीक्षा के दौरान मानसिक तनाव से बचने के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
रविकांत गोंड ने छात्रों को समझाया कि नियमित दिनचर्या, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली अपनाकर परीक्षा के भय को आसानी से दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान और तैयारी का आकलन है, न कि जीवन की अंतिम कसौटी। इसलिए किसी भी स्थिति में आत्मविश्वास बनाए रखना ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, पर्याप्त नींद लेने और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की भी सलाह दी, ताकि एकाग्रता बनी रहे और प्रदर्शन बेहतर हो सके।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ ने सहज, सरल और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ और उन्हें परीक्षा को आत्मविश्वास के साथ देने की नई ऊर्जा प्रदान कर गया।
admin