मिशन शक्ति 5.0 के तहत गौरहारी में चला बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, ग्रामीणों को दिलाई गई जागरूकता व शपथ
मिशन शक्ति 5.0 के तहत गौरहारी में चला बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, ग्रामीणों को दिलाई गई जागरूकता व शपथ
रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा
महोबा।
महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ग्राम गौरहारी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला कल्याण विभाग एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक महोबा, अपर पुलिस अधीक्षक एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के दिशा-निर्देशानुसार थाना चरखारी क्षेत्र में संपन्न हुआ। इस दौरान बालक-बालिकाओं, महिलाओं और पुरुषों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह न केवल सामाजिक बुराई है, बल्कि यह दण्डनीय अपराध भी है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
महिला चौकी प्रभारी थाना चरखारी, उपनिरीक्षक सुश्री शिल्पी राजपूत ने महिलाओं एवं किशोरियों को आपातकालीन टोल फ्री नंबर 112, 1098, 1090, 181 और 1076 की जानकारी देते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता लेने की अपील की।
साथ ही समूह से जनरल स्पेशलिस्ट रीता चौरसिया ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और निराश्रित विधवा पेंशन योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, लैंगिक समानता, दहेज प्रतिषेध एवं बाल संरक्षण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों को बाल विवाह न करने और समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक संजय सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमारी, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
admin