मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नगर विधायक रवि शर्मा की शिष्टाचार भेंट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नगर विधायक रवि शर्मा की शिष्टाचार भेंट
झाँसी की विद्युत व्यवस्था, भूमि अधिग्रहण एवं मार्ग हस्तांतरण के मुद्दे उठाए
मुश्ताक अली ब्यूरो चीफ
झांसी। लखनऊ/झाँसी। विधानसभा सत्र के दौरान नगर विधायक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधायक ने जनपद झाँसी की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई का अनुरोध किया।
सबसे पहले नगर विधायक ने बुन्देलखण्ड क्षेत्र में गर्मियों के दौरान अत्यधिक तापमान के कारण झाँसी महानगर की विद्युत व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में दिन-रात विद्युत कटौती एवं बार-बार ट्रिपिंग (दस-दस मिनट के अंतराल पर) से नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इससे आमजन में रोष व्याप्त रहता है तथा विपक्ष को भी सरकार के विरुद्ध बोलने का अवसर मिलता है।
विधायक ने बताया कि इस समस्या के समाधान हेतु विद्युत विभाग के स्थानीय अधिकारियों एवं दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, आगरा के निदेशक (तकनीकी) के साथ पूर्व में विस्तृत चर्चा की जा चुकी है। अधिकारियों के अनुसार झाँसी में विद्युत लोड अधिक होने से आपूर्ति बाधित होती है। अतः झाँसी में 220/132/33 केवी का नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, झाँसी द्वारा ₹1,11,58,79,531 (रुपये एक अरब ग्यारह करोड़ अट्ठावन लाख उन्यासी हजार पाँच सौ इकतीस मात्र) का प्राविधिक आगणन शासन स्तर पर प्रेषित किया जा चुका है। विधायक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री से उक्त प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
दूसरे विषय में विधायक ने अवगत कराया कि जनपद झाँसी के मौजा टांकोरी, कोछाभांवर, पिछोर एवं मुस्तरा की भूमि को आवास विकास परिषद, झाँसी द्वारा प्रस्तावित आवास विकास योजना-4 के अंतर्गत अधिग्रहित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि यह भूमि अत्यंत उपजाऊ, बहुफसली एवं व्यावसायिक उपयोग में है, जिस पर सैकड़ों किसान एवं व्यापारी अपनी आजीविका हेतु निर्भर हैं। साथ ही यह क्षेत्र नगर निगम एवं झाँसी विकास प्राधिकरण की सीमा में आते हुए मूलभूत सुविधाओं से युक्त है। स्थानीय निवासियों द्वारा भी भूमि अधिग्रहण निरस्त करने की मांग की जा रही है।
तीसरे मुद्दे में विधायक ने वार्ड संख्या 03, भट्टागांव (खिरकपट्टी) में टैक्सी स्टैंड से श्री रामजीलाल के मकान तक के मार्ग का विषय उठाया, जो वर्तमान में सेना की भूमि के अंतर्गत आता है। इस मार्ग पर स्थानीय नागरिकों का निरंतर आवागमन होता है, इसलिए इसे सेना की भूमि से राजस्व भूमि में परिवर्तित कराए जाने अथवा समतुल्य भूमि के विनिमय की कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया।
admin