भारतीय किसान संघ की जिला स्तरीय बैठक संपन्न
भारतीय किसान संघ की जिला स्तरीय बैठक संपन्न
नरेन्द्र तिवारी
लखीमपुर खीरी
भारतीय किसान संघ उत्तर प्रदेश, अवध प्रांत के अंतर्गत निर्धारित अखिल भारतीय अधिकारी प्रवास कार्यक्रम के क्रम में अखिल भारतीय मंत्री आदरणीय श्री बाबू भाई पटेल जी का जनपद लखीमपुर खीरी में सफल एवं सार्थक प्रवास सम्पन्न हुआ। यह महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम विनायक गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक, मार्गदर्शन सत्र एवं विचार-विमर्श के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी, विकासखंड फूलबेहड़ की कार्यकारिणी, जनपद के विभिन्न विकासखंडों के अध्यक्ष, मंत्री एवं प्रमुख पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आदरणीय श्री कृष्ण मोहन वर्मा जी ने की तथा संचालन जिला महामंत्री श्री उपेंद्र जी द्वारा किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय मंत्री आदरणीय बाबू भाई पटेल जी ने संगठन के वर्तमान कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की तथा जमीनी स्तर पर संगठन की सुदृढ़ता, कार्य विस्तार, अनुशासन एवं समन्वित कार्यप्रणाली पर विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भारतीय किसान संघ का मूल बल उसकी ग्राम समितियाँ हैं, अतः प्रत्येक ग्राम समिति को सक्रिय, संगठित और उद्देश्यपूर्ण बनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे किसानों की समस्याओं को केवल सुनें ही नहीं, बल्कि समाधान की दिशा में संगठित प्रयास करें। किसानों की आवश्यकताओं—जैसे लागत, मूल्य, सिंचाई, बीज, खाद, बिजली एवं प्रशासनिक समस्याओं—के प्रति खंड एवं जिला कार्यकारिणी सजग रहे और आवश्यकता पड़ने पर तहसील, ब्लॉक एवं जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से धरना, प्रदर्शन एवं घेराव जैसे कार्यक्रमों के लिए भी तैयार रहे।
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा ग्राम स्तर से जनपद स्तर तक संगठनात्मक विस्तार के लक्ष्य निर्धारित किए गए। प्रवास के अंतर्गत आदरणीय बाबू भाई पटेल जी का ग्राम समिति क्षेत्र में रात्रि प्रवास भी हुआ, जहाँ आयोजित बैठक में स्थानीय किसानों एवं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनके विचार, सुझाव एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया। यह संवाद कार्यक्रम संगठन और किसान के बीच विश्वास एवं सहभागिता का सशक्त उदाहरण रहा।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर अवध प्रांत मंत्री श्री उत्कर्ष जी, संगठन मंत्री श्री अरविंद जी, सीमा क्षेत्र के अखिल भारतीय सह-प्रमुख श्री प्रकाश नारायण जी, प्रांत उपाध्यक्ष श्री अमरजीत चीमा जी, प्रांत प्रचार प्रमुख श्री रमेश चंद्र मिश्रा जी, जिला उपाध्यक्ष श्री धर्मवीर मौर्य जी शाह, जिला सह मंत्री श्री जयप्रकाश जी, श्री वेद प्रकाश जी सहित सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह प्रवास कार्यक्रम भारतीय किसान संघ को ग्राम से लेकर जनपद स्तर तक और अधिक सशक्त, संगठित एवं सक्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी कदम सिद्ध हुआ है। संगठन का संकल्प है कि वह किसान हित, कृषि समृद्धि और राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध एवं सक्रिय रहेगा।
admin