उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के जर्मनी दौरे में निवेश को नई गति
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के जर्मनी दौरे में निवेश को नई गति
राजनयिक एवं औद्योगिक सहभागिता को मजबूती - रक्षा एवं उन्नत विनिर्माण पर फोकस
रामकृष्ण मिश्रा / ब्यूरो रिपब्लिक रैऺनैसां
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं प्रदेश सरकार के मंत्री (आई टी) सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में जर्मनी दौरे पर गए राज्य प्रतिनिधिमंडल ने निवेश, रक्षा विनिर्माण, एयरोस्पेस सहयोग एवं औद्योगिक साझेदारी के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और परिणामोन्मुख बैठकें कीं।न्यूरेम्बर्ग, जर्मनी में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने न्यूरेम्बर्ग मेस्से समूह के सीईओ पीटर ओटमन्न से भेंट कर उत्तर प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं एवं औद्योगिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, निवेशक-अनुकूल वातावरण, विश्वस्तरीय अवसंरचना एवं कुशल मानव संसाधन की जानकारी देते हुए जर्मन उद्योग जगत को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इसी क्रम में जर्मन–इजराइली अग्रणी कंपनी क्वांटम टेक्नोलॉजिस के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित हुई। कंपनी मानव रहित एवं ड्रोन आधारित उन्नत तकनीकों, रक्षा-स्तरीय टोही प्रणाली तथा 160 किलोमीटर तक की परिचालन क्षमता वाले उच्च-ऊंचाई प्लेटफॉर्म विकसित करने में विशेषज्ञ है। कंपनी की तकनीक जर्मनी एवं स्पेन की सशस्त्र सेनाओं द्वारा उपयोग में लाई जा रही है तथा प्रिसिजन एग्रीकल्चर में भी सहायक है। उत्तर प्रदेश सरकार ने कंपनी को राज्य में विनिर्माण एवं अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित करने हेतु आमंत्रित किया। बैठक में विनिर्माण, अनुसंधान, कौशल विकास एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग पर सहमति बनी, जिससे भारत के एयरोस्पेस एवं मानव रहित प्रणाली तंत्र को सशक्त किया जा सके।
उप मुख्यमंत्री एवं आईटी मंत्री ने जर्मनी की प्रमुख रक्षा एवं हथियार निर्माण कंपनियों का उच्चस्तरीय दौरा कर उद्योग विशेषज्ञों के साथ प्रत्यक्ष संवाद किया। चर्चाओं में उत्तर प्रदेश में उन्नत ड्रोन तकनीक, अगली पीढ़ी की हथियार प्रणालियां, प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग तथा अत्याधुनिक रडार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निवेश एवं साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की सशक्त औद्योगिक पारिस्थितिकी, रक्षा विनिर्माण को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों तथा आकर्षक प्रोत्साहनों को रेखांकित करते हुए उत्तर प्रदेश को एयरोस्पेस एवं रक्षा निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। न्यूरेम्बर्ग में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते एवं अन्य गणमान्यजनों के साथ आयोजित रात्रि भोज के दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश वातावरण एवं उभरते आर्थिक अवसरों पर सार्थक चर्चा हुई। साथ ही जर्मनी में भारत के कांसल जनरल शत्रुघ्न सिन्हा से भी आत्मीय मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग को और सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श किया गया। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने जर्मनी स्थित मदरसन सूमी प्लांट का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विस्तार एवं निवेश संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। फ्रैंकफर्ट में आयोजित इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव में उन्होंने प्रदेश के अनुकूल आर्थिक परिदृश्य, मजबूत आधारभूत संरचना एवं विविध क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव, एमएसएमई एवं उद्योग, आलोक कुमार ने भी महत्वपूर्ण विचार, सुझाव रखे।
admin