मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद का औचक निरीक्षण, 1.60 करोड़ की अनियमितता पर उच्च स्तरीय जांच के निर्देश

मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद का औचक निरीक्षण, 1.60 करोड़ की अनियमितता पर उच्च स्तरीय जांच के निर्देश

मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद का औचक निरीक्षण, 1.60 करोड़ की अनियमितता पर उच्च स्तरीय जांच के निर्देश

चक मल्हौरी भूमि कब्जा प्रकरण और शारदा सागर अनियमितता पर सख्त हुए मत्स्य मंत्री

रामकृष्ण मिश्रा / ब्यूरो रिपब्लिक रैऺनैसां

लखनऊ। बृहस्पतिवार को मंत्री, मत्स्य विभाग, डॉ संजय कुमार निषाद द्वारा प्रातः 10 बजे उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लिमिटेड एवं उत्तर प्रदेश मत्स्य जीवी सहकारी संघ लिमिटेड, एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र तथा मत्स्य विभाग की परिसंपत्ति चक मल्हौरी का औचक निरीक्षण किया गया। मंत्री सर्वप्रथम उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लिमिटेड पहुंचे, जहां आधे से अधिक कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस दौरान महानिदेशक मत्स्य श्रीमती के. धनलक्ष्मी एवं निदेशक मत्स्य, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लिमिटेड  एन.एस. रहमानी उपस्थित रहे। सीजेएम मंत्री के निगम पहुंचने तक कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। उन्होंने अवगत कराया कि वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत लखनऊ स्थित गोमती हैचरी के निरीक्षण हेतु गए थे। मंत्री द्वारा निगम एवं फेडरेशन के सभी जलाशयों की नीलामी तथा वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही आय-व्यय, अभिलेखों एवं मालखाना सहित आवश्यक दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया गया।    निरीक्षण के दौरान शारदा सागर जलाशय, पीलीभीत में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों द्वारा लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की अनियमितता कर राजस्व क्षति पहुंचाने का मामला संज्ञान में आया। इस पर मंत्री ने तत्काल उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए तथा जांच उपरांत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मत्स्य विभाग की परिसंपत्ति, गाटा संख्या-16, ऊसर ग्राम-चक मल्हौरी, तहसील सदर, क्षेत्रफल 0.734 हेक्टेयर के औचक निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि लगभग 3000 वर्ग फीट भूमि पर एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। उक्त संपत्ति का सर्किल रेट 10,000 रुपये प्रति वर्ग फीट से अधिक है।    इस संबंध में मंत्री ने विभागीय अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दिनांक 20.02.2026 को प्रातः 9 बजे, स्थान - सभागार, एकलव्य मत्स्य प्रशिक्षण केंद्र, कठौता, लखनऊ में स्थलीय निरीक्षण उपरांत समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अपर मुख्य सचिव, मत्स्य विभाग, उ०प्र०, विशेष सचिव, मत्स्य विभाग, उ०प्र०, महानिदेशक, मत्स्य विभाग, उ०प्र०, निदेशक, मत्स्य विभाग, उ०प्र०, जिलाधिकारी, लखनऊ (एडीएम स्तर के अधिकारी नामित करने हेतु), पुलिस आयुक्त, लखनऊ (संबंधित डीसीपी नामित करने हेतु), नगर आयुक्त, लखनऊ (अपर नगर आयुक्त नामित करने हेतु), उपाध्यक्ष, लखनऊ विकास प्राधिकरण (नामित अधिकारी हेतु), उपनिदेशक, लखनऊ मंडल, मत्स्य विभाग, उपनिदेशक, मुख्यालय, मत्स्य विभाग, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, लखनऊ, मत्स्य विभाग, नितेश रस्तोगी, अपर जिला शासकीय अधिवक्ता, सूचना अधिकारी, लखनऊ, उपरोक्त अधिकारियों को नियत समय एवं स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।