किसान हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा : राम खिलावन शुक्ला

किसान हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा : राम खिलावन शुक्ला

किसान हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा : राम खिलावन शुक्ला

 रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा 

महोबा।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष राम खिलावन शुक्ला ने पत्रकार वार्ता में कहा कि संगठन सदैव किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करता रहा है और आगे भी पूरी मजबूती से करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनपद में कृषि मंडी की स्थापना की मांग हो अथवा भारत-अमेरिका कृषि समझौता नीति का विरोध, संगठन हर मुद्दे पर किसानों की आवाज बुलंद करता आया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद के कुछ क्षेत्रों में अधिकारियों के संरक्षण में अवैध प्लाटिंग का खेल चल रहा है। भूमि कारोबारी किसानों की मजबूरी का लाभ उठाकर उनकी कृषि भूमि कम कीमत पर खरीद रहे हैं और कथित रूप से सांठगांठ कर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। इससे किसानों का उत्पीड़न होने के साथ ही सरकार को भी राजस्व की क्षति पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है और जल्द ही ठोस रणनीति बनाकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसानों के साथ अन्याय बंद नहीं हुआ तो संगठन सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
राम खिलावन शुक्ला ने स्पष्ट किया कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के सम्मान, अधिकार और आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।