उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद का विदेश दौरा : जर्मनी में निवेश संवाद को नई गति
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद का विदेश दौरा : जर्मनी में निवेश संवाद को नई गति
सेमीकंडक्टर व इलेक्ट्रॉनिक्स सहयोग पर जोर
रामकृष्ण मिश्रा / ब्यूरो रिपब्लिक रैऺनैसां
लखनऊ। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश में अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने की मंशा के अनुरूप, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने फ्रैंकफर्ट, जर्मनी के प्रवास के दौरान विभिन्न औद्योगिक एवं शासकीय प्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण बैठकें कीं। प्रतिनिधिमंडल ने सुश्री सिल्के सिचटर (जेवी- ग्लोबल अफेयर्स एंड इकोनॉमिक्स, इंडो-पैसिफिक एवं चाइना अफेयर्स) तथा मार्कस स्कीबॉल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ईए इलेक्ट्रो ऑटोमैटिक गम्भ से भेंट कर सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में भारत-जर्मनी सहयोग को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश को एक उभरते वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत करते हुए सीमेंस एवं एन एक्स पी सेमीकंडक्टर के विस्तार, बढ़ते निवेशक विश्वास तथा भारत के विशाल उपभोक्ता आधार को रेखांकित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण आयोजनों में सहभागिता सहित दीर्घकालिक औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने का आमंत्रण दिया।
इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, केल्स्टरबाख एवं राउनहाइम के महापौरों तथा इनोवेशन राइनमाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से भेंट की। बैठक में फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट एवं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मध्य सहयोग, लॉजिस्टिक्स, डाटा सेंटर, नवाचार एवं औद्योगिक विकास जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग को औपचारिक रूप देने हेतु समझौता ज्ञापन पर सहमति व्यक्त की तथा जर्मन औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल के उत्तर प्रदेश दौरे को सुगम बनाने और दीर्घकालिक संस्थागत साझेदारी विकसित करने का निर्णय लिया।प्रतिनिधिमंडल ने हेसेन राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल से भी भेंट की, जिसका नेतृत्व राज्य सचिव सुश्री करिन मुलर ने किया। बैठक में द्विपक्षीय सहयोग एवं निवेश के अवसरों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। उत्तर प्रदेश की निवेशक- अनुकूल एफडीआई नीति तथा मेडिकल डिवाइस, वस्त्र, चमड़ा, फुटवियर, सेमीकंडक्टर, रक्षा, आईटी,आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स एवं 660 से अधिक मेगावाट क्षमता वाले डाटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में राज्य की क्षमताओं को रेखांकित किया गया। वहीं, हेसेन की वित्त, रसायन, स्वास्थ्य सेवा, कृषि एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों में वैश्विक विशेषज्ञता को भी सराहा गया। दोनों पक्षों ने क्षेत्र-विशिष्ट साझेदारियों को आगे बढ़ाने, विशेषज्ञ स्तर की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा राज्य-से-राज्य दीर्घकालिक सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए आगामी बैठकों पर सहमति व्यक्त की।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम विशेष रूप से टेक्सटाइल, अपैरल और लेदरः इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर: ग्रेटर नोएडा स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क मल्टी-लोकेशन केमिकल एवं फार्मा पार्क तथा डिफेंस कॉरिडोर के अंतर्गत रक्षा एवं एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों में जर्मन उद्योगों का स्वागत करते हैं, जहाँ समग्र रूप से दर्जनों बिलियन डॉलर के निवेश अवसर उपलब्ध हैं और उन्नत प्रौद्योगिकी आधारित साझेदारी की व्यापक संभावनाएँ हैं। श्री मौर्य ने विश्वास व्यक्त करते हुये कहा कि यह प्रवास उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सुदृढ़ स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रहा है।
admin