प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नीचा दिखाने के प्रयास में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब कर रही कांग्रेस- अमित शाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नीचा दिखाने के प्रयास में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब कर रही कांग्रेस- अमित शाह
असम दौरे के दौरान शाह ने राहुल गांधी और विपक्षी राजनीति पर जमकर साथा निशाना
सुधीर श्रीवास्तव
ब्यूरोचीफ रिपब्लिक रेनैसां
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम के अपने दौरे के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्षी राजनीति के तौर-तरीकों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नीचा दिखाने के प्रयास में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब कर रहे हैं। उन्होंनेे यह हमला दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के "बिना शर्ट के विरोध प्रदर्शन" और संसद की सीढ़ियों पर राहुल गांधी के आचरण को लेकर किया। शाह ने इसे लोकतंत्र के मंदिर का अपमान बताया। उन्होने संसद की सीढ़ियों पर राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन के तरीके पर कड़ी आपत्ति जताई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद की सीढ़ियों पर बैठकर 'चाय-पकौड़े' खा रहे थे, जैसे उन्हें यह भी नहीं पता कि नाश्ता कहाँ करना चाहिए? विरोध प्रदर्शन के लिए एक सही मंच और मर्यादा होनी चाहिए। उन्होने आगे कहा कि एआई समिट जैसे वैश्विक मंच पर बिना कपड़ों के प्रदर्शन करना सीधे तौर पर देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने की साजिश है, जिसे भारत की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
श्री अमित शाह ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए असम में पार्टी के पिछले शासन के रिकॉर्ड पर भी हमला बोला, खासकर स्वास्थ्य क्षेत्र में। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दशक पहले राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था बहुत खराब हालत में थी और दावा किया कि पिछली कांग्रेस सरकारों ने जन कल्याण के बजाय नेताओं के परिवारों की "आर्थिक सेहत" को ज़्यादा प्राथमिकता दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने 15 सालों के दौरान राज्य के स्वास्थ्य बजट से हर साल 150 करोड़ रुपये हड़पे हैं।
उन्होंने असम के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को तेज़ी से मज़बूत करने के लिए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की तारीफ़ की। शाह ने कहा कि अब असम स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से बढ़ा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री सरमा ने अपना कार्यकाल खत्म होने से पहले ही असम को स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना दिया । शाह शनिवार शाम को दो दिन के दौरे पर असम पहुँचे, जहाँ उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन और चुनाव से जुड़े मामलों पर महत्वपूर्ण बैठकें भी किया और यथावश्यक निर्देश दिए।
admin