सरोजनीनगर की बेटियों के लिए सुनहरा दिन, डॉ राजेश्वर सिंह ने दी खेल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ी अनेकों सौगात
सरोजनीनगर की बेटियों के लिए सुनहरा दिन, डॉ राजेश्वर सिंह ने दी खेल, स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ी अनेकों सौगात
500 से अधिक बेटियों से सीधा संवाद-खेल मैदान से मेडल और किताब से कॅरियर तक सपनों को मिला ठोस संबल
रामकृष्ण मिश्रा / ब्यूरो रिपब्लिक रैऺनैसां
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बुधवार को एस.एस. मैरिज लॉन, बेहटा में आयोजित गर्ल्स यूथ क्लब प्रोत्साहन कार्यक्रम में सहभागिता कर क्षेत्र की बेटियों से आत्मीय संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शिक्षा, खेल, तकनीकी प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं और उद्यमिता से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण आश्वासन दिए। उन्होंने कहा कि जब बेटी आगे बढ़ती है तो परिवार, समाज और राष्ट्र आगे बढ़ता है, इसलिए बेटियों का सशक्तिकरण ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। कार्यक्रम के दौरान खुशहाल गंज मंडल के अंतर्गत स्थापित 25 गर्ल्स यूथ क्लबों की लगभग 500 से अधिक प्रतिभाशाली बेटियों से डॉ. राजेश्वर सिंह ने उनके सपनों, करियर लक्ष्यों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. सिंह ने न सिर्फ बेटियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, सिविल सेवा , खेल, व्यवसाय, राजनीति एवं तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया बल्कि उन्हें भविष्य में हर सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में बेटियों का योगदान निरंतर बढ़ रहा है और हमारा लक्ष्य इसे 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक पहुँचाना है। डॉ. राजेश्वर सिंह ने अमावा की मनीषा रावत (कराटे ब्लैक बेल्ट) को कराटे किट, मासिक प्रशिक्षण सहयोग और उनके माध्यम से 10 गाँवों की बेटियों को कराटे प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। ऐन गाँव की सोनाक्षी को दो दिवस में क्रिकेट स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने की बात कही गई। नारायणपुर की शान्या के आग्रह पर कबड्डी मैदान निर्माण तथा खेल मैदान हेतु विधायक निधि से 2 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की। शिवरी की रोशनी रावत, मुस्कान और जानू को खेल मैदान एवं लाइब्रेरी स्थापना में सहयोग का आश्वासन दिया गया। गहलवारा की अनुराधा यादव को खेल मैदान निर्माण एवं कबड्डी कोच उपलब्ध कराने तथा उदयत खेड़ा की शगुन यादव को स्पोर्ट्स किट और कोमल यादव को साइकिल उपलब्ध कराने की बात कही गई।
शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु सहयोग-
सहिजनपुर की सौम्या रावत को विधायक राजेश्वर ने यू पी एस सी तैयारी हेतु एनसीईआरटी पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री, सरोसा की प्रिया को नीट तैयारी सामग्री व मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं को भी अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। डिजिटल सशक्तिकरण के लिए संचालित 14 रण बहादुर सिंह डिजिटल युवा सशक्तिकरण केंद्रों में निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और रोजगार सूचना उपलब्ध कराने की बात कही गई।
उद्यमिता और करियर मार्गदर्शन एवं सामाजिक सहायता-
डॉ. सिंह ने सरोसा की शालिनी को ग्रीन टेक्नोलॉजी आधारित उद्यम (सोलर एवं सतत ऊर्जा) से जोड़ने तथा एम एस एम ई योजनाओं की जानकारी देने का आश्वासन दिया गया। मौंदा की सौम्या को सोलर लाइट, कबड्डी किट और खेल मैदान निर्माण में सहयोग की बात कही गई। वहीं अजीतन खेड़ा की पूजा यादव एवं रोशनी को उनकी बहन के विवाह में सहयोग तथा गहलवारा की ज्योतिका को सरकारी योजनाओं, राशन सहायता और भाइयों की शिक्षा में सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। डॉ. सिंह ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, खेल और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी हर आवश्यकता को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है, क्योंकि सशक्त बेटी ही सशक्त समाज का आधार है।
admin