बाराबंकी में गरजे राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद
बाराबंकी में गरजे राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद
बाराबंकी में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी की ओर से एक विशाल जनसभा का आयोजन
चौधरी उसमान/ संवादाता
बाराबंकी: कांशीराम जयंती के मौके पर आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी की ओर से एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे। जनसभा में उमड़े जनसैलाब को देखकर चंद्रशेखर आजाद गदगद नजर आए। उन्होंने करीब सवा घंटे तक भाषण दिया और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि 2027 के चुनाव को लेकर उनकी पार्टी बीजेपी को छोड़कर AIMIM, सपा और कांग्रेस समेत किसी भी विपक्षी दल से गठबंधन करने को तैयार है। हालांकि अंतिम फैसला प्रदेश कार्यकारिणी लेगी।
बाराबंकी पहुंचे चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आज बीजेपी, सपा और कांग्रेस सभी बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाने को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के मिशन को कांशीराम ने आगे बढ़ाया और अब भीम आर्मी उस मिशन को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने लोगों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग नकली महापुरुषों को आगे लाकर समाज को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 2027 में बड़ा चुनावी युद्ध होने वाला है और इसके लिए जनता का साथ जरूरी है। उन्होंने यूजीसी की गाइडलाइन का समर्थन करते हुए कहा कि आने वाले समय में दिल्ली की सत्ता पर भी भीम आर्मी की हिस्सेदारी होगी। बीजेपी पर तंज कसते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों के जनसेवक ही जनता को धमकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने संभल की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी सत्ता पक्ष के लोगों का रवैया जनता के प्रति ठीक नहीं रहा। चंद्रशेखर आजाद ने जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि अगर उन्हें मौका मिला तो वे जनता का कर्ज सूद समेत चुकाने का काम करेंगे। मीडिया से बात करते हुए चंद्रशेखर ने कहा “हम बीजेपी को छोड़कर किसी भी पार्टी से गठबंधन के लिए तैयार हैं। चाहे AIMIM हो, कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, इसका फैसला हमारी प्रदेश कार्यकारिणी करेगी। आज कांशीराम जी का नाम सब लेने लगे हैं। भारत को ईरान के साथ अपने संबंध अच्छे रखने चाहिए, नहीं तो आने वाले समय में गैस और ऑयल की बड़ी दिक्कत हो सकती है।
admin