खरेला से शुरू हुआ ‘गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा’ का चौथा चरण, पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग तेज
खरेला से शुरू हुआ ‘गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा’ का चौथा चरण, पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग तेज
रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा
महोबा (खरेला)।
बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर आयोजित “गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा” का चौथा चरण शुक्रवार को श्रृंगी ऋषि आश्रम, खरेला से भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। यात्रा का नेतृत्व बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं बुंदेली सेना के अध्यक्ष राजा बुंदेला ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजा बुंदेला ने कहा कि यह आंदोलन बुंदेलखंड के भविष्य और विकास की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रोजगार के अभाव के कारण लगभग 68 प्रतिशत लोग पलायन करने को मजबूर हैं। पृथक राज्य बनने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और किसानों-मजदूरों का पलायन रुकेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पदों के सृजन से क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी।
इस अवसर पर खरेला चेयरमैन संतोष कुमार सिंह, किसान नेता प्रताप बुंदेला, जिलाध्यक्ष बुंदेली सेना जालौन शिवम चौहान, जयराम सिंह बछेउरा, सुरेंद्र पाल सिंह, कालूराम प्रजापति तथा बुंदेलखंड एकता फाउंडेशन की चेयरमैन श्रीमती दीपाली सिंहा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और पृथक बुंदेलखंड राज्य की आवश्यकता पर जोर दिया।
यात्रा के दौरान “बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे” के नारों से माहौल गूंज उठा। रिवई, जितौरा सहित कई गांवों में पदयात्रियों का जोरदार स्वागत किया गया और लोगों ने आंदोलन में साथ देने का संकल्प लिया।
ज्ञात हो कि यह पदयात्रा पहले ललितपुर, झांसी, उरई और हमीरपुर से गुजर चुकी है। इस मौके पर सुबोध सिंहा, अमित पटेरिया, सर्वेश सिंह मुखिया, संजय राज बुंदेला, रघुराज यादव, राजा पांडेय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
admin