एपीएल प्रीमियर लीग–2026 फाइनल: आगरा ने ब्रदर्स इलेवन पनवाड़ी को 3 रनों से हराया, रोमांच चरम पर

एपीएल प्रीमियर लीग–2026 फाइनल: आगरा ने ब्रदर्स इलेवन पनवाड़ी को 3 रनों से हराया, रोमांच चरम पर

एपीएल प्रीमियर लीग–2026 फाइनल: आगरा ने ब्रदर्स इलेवन पनवाड़ी को 3 रनों से हराया, रोमांच चरम पर

जो मैने कह दिया सो कह दिया , 
पनवाड़ी में युवाओं के लिये बनेगा खेल मैदान - इं. श्री प्रकाश वर्मा (अनुरागी)

  ब्यूरो हरी सिंह वर्मा 

पनवाड़ी (महोबा)।
क्षेत्र में खेल भावना, युवाओं के जोश और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी एपीएल प्रीमियर लीग–2026 का फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक, ऐतिहासिक और यादगार साबित हुआ। आगरा और ब्रदर्स इलेवन पनवाड़ी के बीच खेला गया यह खिताबी मुकाबला अंतिम ओवर तक सांसें रोक देने वाला रहा, जिसमें आगरा की टीम ने शानदार संयम और जुझारूपन का परिचय देते हुए महज तीन रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं समापनकर्ता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इंजीनियर श्री प्रकाश वर्मा (अनुरागी) ने फीता काटकर तथा बल्ले से शॉट खेलकर किया। आयोजन की जिम्मेदारी श्री अजय रावत (प्रतिनिधि ग्राम प्रधान, अलीपुरा) ने कुशलतापूर्वक निभाई। टूर्नामेंट अध्यक्ष हरी सिंह राजपूत (पत्रकार) ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एपीएल जैसे टूर्नामेंट ग्रामीण अंचल के युवाओं को प्रतिभा निखारने का मंच देने के साथ अनुशासन, एकता और खेल भावना का पाठ पढ़ाते हैं।
मैच से पूर्व अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया गया। 15–15 ओवर के इस फाइनल मुकाबले में आगरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। आगरा की टीम ने दबाव भरे माहौल में संतुलित और संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 127 रन बनाए। जवाब में ब्रदर्स इलेवन पनवाड़ी को जीत के लिए 128 रनों का लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्रदर्स इलेवन पनवाड़ी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मैच को आखिरी ओवर तक खींच ले गई। एक-एक रन के लिए संघर्ष करते खिलाड़ियों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। अंतिम ओवर में जब जीत-हार का फैसला होना था, तब पूरा मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा। लेकिन 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर ब्रदर्स इलेवन पनवाड़ी की टीम 124 रनों पर ऑल आउट हो गई और आगरा ने तीन रनों से रोमांचक जीत दर्ज कर एपीएल प्रीमियर लीग–2026 की चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
समापन समारोह में इंजीनियर श्री प्रकाश वर्मा (अनुरागी) ने विजेता टीम आगरा को 51 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता ब्रदर्स इलेवन पनवाड़ी को 21 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने अपने चर्चित वक्तव्य “जो मैंने कह दिया, सो कह दिया” के साथ यह घोषणा कर तालियां बटोरीं कि पनवाड़ी में युवाओं के लिए एक आधुनिक खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
खेल और खिलाड़ियों के प्रति निरंतर सहयोग के लिए टूर्नामेंट समिति द्वारा इं. श्री प्रकाश वर्मा को सम्मानित किया गया। साथ ही समापनकर्ता एवं आयोजनकर्ता द्वारा पत्रकार साथियों, गणमान्य नागरिकों और आयोजन से जुड़े सभी कमेटी सदस्यों, अंपायर, कमेंटेटर व स्कोरर का भी सम्मान किया गया।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आगरा के दिनेश कुमार को मैन ऑफ द मैच तथा पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिए आगरा के ही खिलाड़ी रानू को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। पूरे मुकाबले के दौरान सुनील नायक की जोशीली कमेंट्री ने दर्शकों में उत्साह बनाए रखा, स्कोरिंग की जिम्मेदारी शाहरुख खान ने निभाई, जबकि अंपायरों ने निष्पक्ष निर्णयों से फाइनल मुकाबले की गरिमा बनाए रखी।
फाइनल मैच के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा खिलाड़ी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक पूर्व जिला पंचायत सदस्य पत्रकार राजू नगायच वरिष्ठ पत्रकार जमाल अहमद कादरी  अरविंद मिश्रा डॉ पंकज तिवारी रमाकांत रावत अलीपुरा प्रधान प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एपीएल प्रीमियर लीग–2026 ने न केवल क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को भी नई मजबूती प्रदान की।