महोबा के 40 गांवों में स्थापित होंगी इसरो स्पेस लैब्स

महोबा के 40 गांवों में स्थापित होंगी इसरो स्पेस लैब्स

महोबा के 40 गांवों में स्थापित होंगी इसरो स्पेस लैब्स


सूर्य महोत्सव के तहत रतौली से शुरुआत, देश का पहला जिला बना 

 रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा 

महोबा
महोबा। युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, पुस्तक पठन और स्थानीय विरासत के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित महोबा सूर्य महोत्सव के अंतर्गत जनपद में एक ऐतिहासिक पहल की जा रही है। जिला प्रशासन महोबा द्वारा इसरो के स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर (अहमदाबाद) एवं व्योमिका फाउंडेशन, लखनऊ के सहयोग से 16 फरवरी को रतौली ग्राम पंचायत स्थित एक राजकीय विद्यालय में “नीलेश एम. देसाई स्पेस लैब” का उद्घाटन किया जाएगा।
यह स्पेस लैब इसरो के स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर, अहमदाबाद के नेतृत्व में संचालित ‘विलेज वैज्ञानिक कार्यक्रम’ के अंतर्गत स्थापित की जा रही है। योजना के तहत महोबा जनपद के 40 गांवों के 40 विद्यालयों में 40 ग्रामीण स्पेस लैब स्थापित की जाएंगी। इस पहल के साथ महोबा देश का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां ग्रामीण स्तर पर इसरो के इस कार्यक्रम का व्यापक क्रियान्वयन हो रहा है।
प्रत्येक स्पेस लैब में आधुनिक एवं इंटरैक्टिव शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें कार्यशील दूरबीनें, 3डी प्रिंटर, इसरो मिशन मॉडल प्रदर्शनी, रोबोट, ड्रोन तथा STEM आधारित प्रयोगात्मक सेटअप शामिल हैं। इन संसाधनों का उद्देश्य पारंपरिक कक्षा शिक्षण को अनुभवात्मक और तकनीकी शिक्षा मॉडल में परिवर्तित करना है।
स्पेस लैब्स के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह अनुप्रयोग, भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक और अन्य उभरती तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए एक वर्ष का संरचित पाठ्यक्रम तैयार किया गया है, जिसमें व्यावहारिक प्रशिक्षण और वार्षिक मूल्यांकन भी शामिल रहेगा।
जिलाधिकारी ने इसे शहरी और ग्रामीण शिक्षा के बीच की दूरी कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना है कि यह पहल ग्रामीण विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में करियर के नए अवसरों के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत इसरो एसएसी अहमदाबाद के निदेशक नीलेश देसाई 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे मोदी मेला परिसर में आयोजित पुस्तक मेले का अवलोकन करेंगे तथा विद्यार्थियों से संवाद भी करेंगे।