राइजिंग स्टार्स स्केटिंग प्रतियोगिता 2.0 में एसकेडी एकेडमी का शानदार प्रदर्शन
राइजिंग स्टार्स स्केटिंग प्रतियोगिता 2.0 में एसकेडी एकेडमी का शानदार प्रदर्शन
500 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
रामकृष्ण मिश्रा / ब्यूरो रिपब्लिक रैऺनैसां
लखनऊ।एसकेडी एकेडमी, वृंदावन योजना परिसर में आयोजित दो दिवसीय राइजिंग स्टार्स स्केटिंग प्रतियोगिता 2.0 (अंडर-14) का आज भव्य समापन हुआ। एसकेडी स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित इस मेगा प्रतियोगिता में लखनऊ के 24 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 500 से अधिक उत्साही स्केटर्स ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद, मेज़बान विद्यालय एसकेडी एकेडमी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल प्रतियोगिता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं लखनऊ स्पीड स्केटिंग अकादमी ने द्वितीय और मॉडर्न अकादमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन एसकेडी शिक्षण समूह के निदेशक मनीष सिंह, लखनऊ रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव नरेश कुमार एवं संयुक्त सचिव संजय भगत की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया था। अंतिम दिन प्रतियोगिता रोमांच के चरम पर पहुँची, जब बेस्ट स्केटर खिताबों की घोषणा की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में एसकेडी एकेडमी से आर्यन चौरसिया, दर्शिल एवं आर्या, टीम लासा से शिवी सागर, ईशान्वी आनंद एवं मंजरि चंद्रा, एपेक्स से अज़ान खान एवं हैदर नवाज़, पीस अकादमी से अर्जिता मौर्य, स्वस्तिक एवं आदित्य तथा जीडी गोयनका से श्रेनिका प्रमुख रहीं। कार्यक्रम की सफलता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मनीष सिंह ने शिक्षा के साथ खेलों के समन्वय के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राइजिंग स्टार्स प्रतियोगिता जैसी प्रतियोगिताएँ कम उम्र में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और एसकेडी शिक्षण समूह खेल एवं फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सतत रूप से प्रतिबद्ध है। समापन समारोह गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें गणमान्य अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही। पदक, ट्रॉफी एवं उपहारों के वितरण के साथ प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा। यह प्रतियोगिता अब लखनऊ के विद्यालयी खेल कैलेंडर की एक प्रमुख पहचान बन चुकी है।
admin