18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, महोबा में 29 परीक्षा केंद्र तैयार
18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, महोबा में 29 परीक्षा केंद्र तैयार
21,938 परीक्षार्थी होंगे शामिल, नकलविहीन वर्तमान शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात, कंट्रोल रूम स्थापित
रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा
महोबा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं वर्ष 2026 की 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च तक संपन्न होंगी। जनपद महोबा में परीक्षाओं को सकुशल, नकलविहीन और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष जिले में कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
निर्धारित परीक्षा केंद्रों में 8 राजकीय, 8 अशासकीय सहायता प्राप्त तथा 13 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। तहसीलवार देखें तो महोबा में 13, चरखारी में 5 और कुलपहाड़ में 11 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार जनपद में कोई भी केंद्र संवेदनशील या अतिसंवेदनशील श्रेणी में नहीं है, जिससे शांतिपूर्ण परीक्षा की उम्मीद जताई जा रही है।
परीक्षाओं में इस वर्ष हाईस्कूल के 12,018 और इंटरमीडिएट के 9,920 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इस प्रकार कुल 21,938 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा और अनुश्रवण की विशेष व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्रों को 3 जोन और 9 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन पर एक जोनल मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक सेक्टर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सभी 29 केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं, जो परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करेंगे।
निरीक्षण एवं सतत पर्यवेक्षण के लिए चार विभागीय सचल दलों का गठन किया गया है। इन दलों का नेतृत्व क्रमशः जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी (माध्यमिक) तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज कनकुआ के प्रधानाचार्य कर रहे हैं। ये टीमें परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी।
परीक्षा की मॉनिटरिंग के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 14 फरवरी से क्रियाशील हो चुका है। उत्तर पुस्तिकाओं को 29 में से 18 केंद्रों पर पहुंचा दिया गया है, जबकि शेष केंद्रों पर वितरण प्रक्रिया जारी है। प्रश्नपत्रों को भी शीघ्र ही सुरक्षित रूप से केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा, जिन्हें स्ट्रांग रूम में डबल लॉक व्यवस्था के तहत रखा जाएगा। इनकी निगरानी नाइट विजन और वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
तैयारियों की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज ने 10 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर सभी अधिकारियों को शासनादेशों का कड़ाई से पालन करने तथा परीक्षाएं नकलविहीन, शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुंवर पंकज, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, संबंधित उपजिलाधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
admin