सूर्य महोत्सव में बुंदेलखंडी व्यंजन व शिल्प प्रतियोगिता का आकर्षक प्रदर्शन, स्थानीय उत्पादों ने जीता दिल
सूर्य महोत्सव में बुंदेलखंडी व्यंजन व शिल्प प्रतियोगिता का आकर्षक प्रदर्शन, स्थानीय उत्पादों ने जीता दिल
रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा
महोबा। सूर्य महोत्सव के अंतर्गत 13 फरवरी 2026 को मोदी ग्राउंड में बुंदेलखंडी व्यंजन तथा ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के तहत गौरा पत्थर शिल्प व धातु शिल्प प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं ने अपने पारंपरिक हुनर और स्वाद का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
बुंदेलखंडी व्यंजन प्रतियोगिता में 11 प्रतिभागियों ने स्टॉल लगाकर क्षेत्रीय पकवानों की विविधता प्रस्तुत की। इनमें चने का साग, माड़े, कढ़ी, चटनी, सामा की खीर सहित कई पारंपरिक व्यंजन शामिल रहे। प्राकृतिक और देसी स्वाद से भरपूर इन व्यंजनों को मेले में आए लोगों ने चखा और सराहा।
वहीं ‘एक जनपद एक उत्पाद’ के अंतर्गत 18 प्रतिभागियों ने गौरा पत्थर शिल्प और धातु शिल्प के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। गौरहारी, श्रीनगर और कुलपहाड़ से आए शिल्पकारों ने सूर्य थीम और सामान्य थीम पर आधारित कलाकृतियां प्रस्तुत कीं, जिनकी कलात्मकता और बारीक कारीगरी ने दर्शकों को आकर्षित किया। मेले में पहुंचे लोगों ने इन उत्पादों की जमकर प्रशंसा की और कई वस्तुओं की खरीदारी भी की।
कार्यक्रम का निरीक्षण जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार और अपर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने किया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्थानीय कला, शिल्प और व्यंजनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
आयोजन में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद महोबा तथा पर्यटन विभाग का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता ने महोत्सव में परंपरा और संस्कृति की अनूठी छाप छोड़ी।
admin