महोबा में कर अधिवक्ताओं का महाकुंभ, 64वीं कार्यकारिणी बैठक व जीएसटी सेमिनार में कानून सुधार और व्यापारियों के हितों पर मंथन
महोबा में कर अधिवक्ताओं का महाकुंभ, 64वीं कार्यकारिणी बैठक व जीएसटी सेमिनार में कानून सुधार और व्यापारियों के हितों पर मंथन
रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा
महोबा में उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन, लखनऊ की 64वीं कार्यकारिणी बैठक एवं एक दिवसीय जीएसटी सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कर अधिवक्ताओं, विधि विशेषज्ञों और व्यापार प्रतिनिधियों ने भाग लेकर जीएसटी कानूनों की जटिलताओं तथा व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।
शहर के एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में कर अधिवक्ता संघ महोबा के तत्वावधान में जीएसटी एक्ट के विभिन्न प्रावधानों, अपील प्रक्रिया और व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया गया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रांजल शुक्ला ने मुख्य वक्ता के रूप में जीएसटी एक्ट के अंतर्गत द्वितीय अपीलों की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया और बताया कि अधिवक्ता किस प्रकार कानूनी प्रावधानों के जरिए व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष राजपाल यादव ने कहा कि संगठन प्रदेश के सभी जिलों में ऐसी बैठकों का आयोजन कर रहा है, जिससे अधिवक्ताओं की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान निकाला जा सके और कर कानूनों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। वहीं विशिष्ट अतिथि व समाजसेवी सुलभ सक्सेना ने कहा कि जीएसटी की जटिलताओं के कारण व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है, ऐसे में इस प्रकार के सेमिनार सुधार की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में झांसी के एडिशनल कमिश्नर (ग्रेड-1) डी.के. सचान, महोबा कर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हितेश कुमार गुप्ता, महामंत्री निहाल अहमद खान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में समाजसेवा, विधि और पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
admin