गो आश्रय स्थलों की अब AI से होगी निगरानी, कैमरे बंद मिले तो होगी
गो आश्रय स्थलों की अब AI से होगी निगरानी, कैमरे बंद मिले तो होगी
कार्रवाई – डीएम गजल भारद्वाज
रिपब्लिक रैनैसां ब्यूरो हरी सिंह वर्मा
महोबा।
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, जल जीवन मिशन एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने गो आश्रय स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और कंट्रोल रूम से उनके प्रसारण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक गो आश्रय स्थल का लाइव ट्रांसमिशन हर हाल में कंट्रोल रूम तक सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सॉफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है, जिससे गोवंशों की संख्या स्वतः काउंट होगी और गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी।
इसके अलावा सभी ग्राम सचिवों को निर्देशित किया गया कि विगत पांच वर्षों में कराए गए विकास कार्यों का विवरण पंचायत भवन की दीवारों पर अंकित कराया जाए तथा अभिलेख पंचायत घर में सुरक्षित रखे जाएं। पंचायत भवनों में वाई-फाई ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगाने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने 40 चयनित विद्यालयों में इसरो लैब शीघ्र स्थापित कराने, किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभियान चलाकर पूर्ण करने तथा पीएम सम्मान निधि लाभार्थियों का सर्वे एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्मी से पूर्व सभी हैंडपंपों की मरम्मत कराने और जल जीवन मिशन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
admin