उत्तर प्रदेश दिवस पर फतेहपुर में सांस्कृतिक उल्लास, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा रहे मुख्य अतिथि
उत्तर प्रदेश दिवस पर फतेहपुर में सांस्कृतिक उल्लास, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा रहे मुख्य अतिथि
वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है: साकेंद्र वर्मा
बी एल कश्यप/ संवादाता रिपब्लिक रेनेसाँ
फतेहपुर, बाराबंकी: कस्बा फतेहपुर के लिए 24 जनवरी का दिन अत्यंत खास और ऐतिहासिक रहा। नगर पंचायत फतेहपुर की ओर से बाबा मैरिज हॉल में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया।कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक साकेत प्रताप वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर कस्बे के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप जिलाधिकारी फतेहपुर कार्तिकेय सिंह ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और विकास की अपार संभावनाओं के लिए देश में विशिष्ट स्थान रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से प्रदेश के सर्वांगीण विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि विधायक साकेत प्रताप वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ-साथ कृषि, उद्योग, शिक्षा, संस्कृति और राजनीति में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। विधायक ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि यही बच्चे प्रदेश और देश का उज्ज्वल भविष्य है।उल्लेखनीय है कि 24 जनवरी का दिन भारत के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। 24 जनवरी 1950 को 'जन गण मन' को भारत का राष्ट्रीय गान तथा 'वंदे मातरम्' को राष्ट्रीय गीत के रूप में अंगीकार किया गया। इसी दिन डॉ. राजेंद्र प्रसाद को भारत का प्रथम राष्ट्रपति चुना गया था। वहीं 24 जनवरी 2008 से यह दिन राष्ट्रीय बालिका दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिसका उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति समाज को जागरूक करना है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में कस्बेवासी उपस्थित रहे।
admin